बुरहानपुर। बुरहानपुर जिले की खकनार पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अंतरजिला अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शाहरुख उर्फ शाहरुख खान के कब्जे से एक देशी पिस्टल, एक मोबाइल फोन और पल्सर मोटरसाइकिल सहित करीब ₹1.37 लाख का माल जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेंडे एवं नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर खकनार खुर्द स्थित माता मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। उसके खिलाफ थाना खकनार में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शाहरुख एक शातिर अंतरजिला अपराधी है, जिसके खिलाफ हरदा, बुरहानपुर और खंडवा जिलों में हत्या, लूट, लूट के प्रयास और अवैध हथियार रखने सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने यह भी बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत वर्ष 2025 में पकड़ी गई अवैध हथियार फैक्ट्री के फरार मुख्य आरोपी रेहराज उर्फ रेहरास को भी हाल ही में गिरफ्तार कर लिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक जाधव, उपनिरीक्षक शंकर लोने सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।



































