प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने किया हसनपुरा तालाब गहरीकरण कार्य का शुभारंभ
प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने ग्रामीणजनों के बीच बैठकर किया संवाद
बुरहानपुर/18 अप्रैल, 2026/- जल संसाधन विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने अपने बुरहानपुर प्रवास के दौरान ग्राम हसनपुरा में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर विधिवत पूजन-अर्चन कर हसनपुरा तालाब गहरीकरण कार्य का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू, जिला अध्यक्ष श्री मनोज माने, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम मार्को, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा कास्डेकर, पूर्व महापौर श्री अतुल पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वनमण्डलाधिकारी श्री विद्याभूषण सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश सहित अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने तालाब गहरीकरण कार्य में लगे श्रमिकों से कहा कि कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जायें। इस अवसर पर उपस्थितजनों ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संचयन की शपथ भी ली। विदित है कि तालाब गहरीकरण से तालाब की जलधारण क्षमता में वृद्धि होगी जिससे आस-पास के क्षेत्र में 101 हेक्टेयर में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा एवं किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
ग्रामीणजनों के बीच बैठकर किया संवाद
जल गंगा संवर्धन अभियान कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने ग्रामीणजनों एवं महिलाओं के बीच बैठकर संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणजनों से शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभ की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने आयुष्मान कार्ड निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन वितरण, उज्ज्वला योजना एवं पेंशन योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों एवं प्रस्तावों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
जल संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का आह्वान
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान को जनभागीदारी को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना है। जिससे जल संरक्षण के प्रयासों को व्यापक सफलता मिल सकेगी। विदित है कि बुरहानपुर प्रवास के दौरान जल संसाधन विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता की।




































