इंदौर जिले के महु शहर के गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा परिसर में सिख पंथ के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश उत्सव धूमधाम से मनाया गया। जिसके अंतर्गत सिख समाज जनों और अन्य शहर वासियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। 29 दिसंबर 2024 से 4 जनवरी 2025 तक लगभग एक सप्ताह के इस कार्यक्रम में अनेक प्रकार की गतिविधियां शामिल रही, जिसमें शाम 6 बजे से साढ़े आठ बजे तक सुखमनी साहिब पाठ एवं नाम सिमरन का जाप किया गया। 31 दिसंबर को गुरुद्वारा में सुबह साप्ताहिक पाठ प्रारंभ हुआ जो 10 बजे समाप्त हुआ। इसी तारतम्य में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5 जनवरी 2025 को प्रातः साढ़े छह बजे से महू शहर में प्रभात फेरी निकाली गई, जो गुरुद्वारा परिसर से प्रारंभ होकर प्रमुख मार्ग सात रास्ता, छोटा बाजार, मानक चौक, मैन स्ट्रीट एवम् सांघी स्ट्रीट होते हुए पुनः प्रारंभ स्थल गुरुद्वारा पर पहुंची। इस दौरान प्रभात फेरी में शामिल संगत ने बड़ी श्रद्धा के साथ शब्द गायन किया। इसके पश्चात समापन के दिन 6 जनवरी को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक दीवान सजाया गया। जिसमें सभी जत्थो ने मधुर स्वर में कीर्तन से पधारी समस्त संगत को मंत्र मुग्ध कर दिया। इस दौरान विशेष रूप से छोटे बच्चों ने भी अपने सुरीले अंदाज में शबद पढ़े। दोपहर 1 बजे अरदास के बाद विशाल लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सभी समाज जनों सहित अन्य लोगों ने गुरु महाराज के जयकारे के श्रद्धापूर्वक प्रसादी ग्रहण की। उक्त जानकारी गुरुद्वारा के पदाधिकारी हरजीत सिंह भाटिया द्वारा दी गई।
मध्यप्रदेश हेड रमाकांत मोरे ….



































