जम्बूपानी से जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ
अंतिम छोर के नागरिकों तक पहुंचेगी शासन की योजनाएं, हर शुक्रवार ग्रामीणों से सीधा संवाद
जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणजनों के बीच बैठकर सुनी समस्याएं
बुरहानपुर/7 अगस्त, 2026/ (रमाकांत मोरे) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का शुभारंभ शुक्रवार 7 अगस्त से किया गया। बुरहानपुर जिले में अभियान की शुरुआत जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण ग्राम पंचायत जम्बूपानी से हुई।
अभियान के प्रथम दिवस जिला प्रशासन ग्रामीणों के बीच पहुंचा। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठकर आत्मीय संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
“पूरा जिला प्रशासन आपकी सेवा में, आपके द्वार आया है”
बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि पूरा जिला प्रशासन आज आपकी सेवा में, आपके द्वार पहुंचा है। शिविर में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के समन्वय से क्षेत्र में मसाला प्रोसेसिंग यूनिट की संभावनाओं पर कार्य किया जाएगा, जिससे स्थानीय कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर किसानों की आय बढ़ाई जा सके। उन्होंने बताया कि जम्बूपानी क्षेत्र में बड़े स्तर पर अजवाइन की खेती की जाती है। क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार के लिए 51 लाख रुपये की लागत से विद्यालय भवन स्वीकृत किया गया है। उन्होंने विद्यालय भवन के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
“शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राही तक पहुंचाना प्राथमिकता”
बुरहानपुर कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य नागरिकों के बीच पहुंचकर उन्हें शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। शासन की प्रत्येक योजना का लाभ पात्र हितग्राही तक पहुंचे, यह जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों को फार्मर आईडी के महत्व एवं इसके लाभों की विस्तार से जानकारी दी। कलेक्टर श्री सिंह ने क्षेत्र के पटवारी को निर्देशित किया कि शेष किसानों की फार्मर आईडी बनाने का कार्य आगामी 10 दिवस में अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। कलेक्टर श्री सिंह ने दस्तक अभियान के अंतर्गत घर-घर पहुंचकर नागरिकों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के निर्देश भी दिए।
ग्रामीणों से सीधे संवाद में सामने आईं स्थानीय जरूरतें

अभियान के दौरान ग्रामीणों से सीधे संवाद कर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल उपलब्धता, आवास, शिक्षा, राशन वितरण, कानून व्यवस्था, पहुंच मार्ग सहित विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को क्षेत्र में बकरी पालन को बढ़ावा देने तथा विभागीय योजनाओं से अधिक से अधिक ग्रामीणों को लाभान्वित करने हेतु निर्देशित किया। ग्रामीणों ने भी जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। जिला प्रशासन ने समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
जम्बूपानी के किसानों को जीवामृत बनाने और उपयोग की दी गई जानकारी
कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जम्बूपानी के किसानों को जीवामृत बनाने की प्रक्रिया, उसके उपयोग एवं प्राकृतिक खेती में इसके फायदे की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जमीनी स्तर पर परखी गईं शासकीय सेवाएं
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा आधार अपडेशन कैंप, स्कूल एवं राशन वितरण दुकान का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अभिलेखों के संधारण, हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं राशन वितरण व्यवस्था की गहनता से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जम्बूपानी से पांडरी मार्ग का भी निरीक्षण किया। मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्यवाही के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया।



































