रविंद्र महाजन के निर्देश पर नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुर ने सौंपा ज्ञापन, स्वच्छ पेयजल एवं यात्री प्रतीक्षालय की मांग
शाहपुर, बुरहानपुर। नगर परिषद क्षेत्र में दूषित एवं अत्यधिक टीडीएस (TDS) युक्त पेयजल की समस्या को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आक्रोश जताया। यह ज्ञापन कांग्रेस नेता रविंद्र महाजन के निर्देश पर सौंपा गया, जिसमें नगरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि नगर के कई वार्डों में सप्लाई होने वाले पानी में टीडीएस की मात्रा निर्धारित मानकों से कई गुना अधिक है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुर के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद नगर परिषद द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुर के नेताओं ने कहा कि दूषित पानी के कारण नागरिक पेट दर्द, गैस, अपच, त्वचा रोग, किडनी एवं पथरी जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। भीषण गर्मी के दौरान स्वच्छ पेयजल नहीं मिलने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यात्री प्रतीक्षालय निर्माण की भी उठाई मांग
नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुर ने शाहपुर–इच्छापुर मार्ग एवं शाहपुर–फोपनार तिराहा क्षेत्र में यात्री प्रतीक्षालय निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई। नेताओं ने बताया कि इन मार्गों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, महिलाएं, बुजुर्ग एवं श्रमिक बसों की प्रतीक्षा करते हैं, लेकिन वहां छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं है।
नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुर के नेताओं ने दोनों स्थानों पर शीघ्र स्थायी बस स्टॉप शेड बनाकर पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दौरान रामभाऊ लांडे, किशोर देशमुख, नितिन इंगले, शैलेंद्र इंगले, कैलाश असेरकर, मुकेश बुंनगाड, प्रवीण टेभुरने,
जब्बार खा, पंकज महाजन, कृष्ण भील, किशोर खांडवेकर एवं योगेश राउत सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुर के नेता किशोर देशमुख ने कहा,
“शाहपुर की जनता दूषित एवं अत्यधिक टीडीएस युक्त पानी से परेशान है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं बढ़ रही हैं। वहीं इच्छापुर एवं फोपनार मार्ग पर यात्री प्रतीक्षालय नहीं होने से विद्यार्थी, महिलाएं और ग्रामीण धूप-बारिश में परेशान हो रहे हैं। नगर परिषद जल्द व्यवस्था सुधारे, अन्यथा नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुर जनआंदोलन करेगी।”
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दिलीप सिंह ने कहा कि दोनों समस्याओं के निराकरण के लिए वैकल्पिक व्यवस्था जल्द की जाएगी।
यह ज्ञापन नगर कांग्रेस कमेटी शाहपुर
एवं कांग्रेस पार्षद दल के संयुक्त तत्वावधान में सौंपा गया।

























