बुरहानपुर : नगर के बूथ क्रमांक 256 पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने स्थानीय नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 138वां संस्करण सुना।
इस अवसर पर सांसद पाटील ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को स्मरण किया। आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति तथा सीमा पार जाकर भारतीय सेना द्वारा किए गए साहसिक अभियानों ने देश का गौरव बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनगणना को राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की गौरवगाथा के माध्यम से देश की सांस्कृतिक शक्ति और संकल्प को रेखांकित किया गया। महात्मा गांधी के स्वच्छता एवं सेवा के मंत्र तथा स्वच्छता अभियान से जुड़ रहे युवाओं की बढ़ती जागरूकता का भी उल्लेख किया गया।
सांसद पाटील ने कहा कि नशामुक्ति अभियान में युवाओं की बढ़ती भागीदारी देश के लिए महत्वपूर्ण है। नशामुक्त भारत का संकल्प विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करेगा। साथ ही भारतीय खिलाड़ियों द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देशवासियों से संवाद करते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हैं। कार्यक्रम में दिए गए संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना और उन्हें अपने जीवन में अपनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्वच्छता, नशामुक्ति, सेवा और विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस दौरान पूर्व विधायक रामदास शिवहरे, पूर्व महापौर अतुल पटेल, मनोज टंडन, प्रकाश काले, दिनकर पाटील, अनिल वानखेड़े, डॉ. दीपक वाभले, पंकज पवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



































