कृषि विज्ञान केंद्र बुरहानपूर में 81 विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण
रमाकांत मोरे
वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को फसल, कीट-रोग प्रबंधन एवं कृषि तकनीकों की जानकारी दी। सांडस कला। कृषि विज्ञान केंद्र, सांडस कला में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, परेठा के 81 विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान केंद्र के वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को कृषि की आधुनिक तकनीकों एवं कृषि विज्ञान केंद्र की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। केंद्र के वैज्ञानिक डॉक्टर संदीप कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान केंद्र की गतिविधियों एवं किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों के बारे में अवगत कराया। वैज्ञानिक श्री भूपेंद्र सिंह ने विभिन्न फसलों एवं उनकी उन्नत उत्पादन तकनीकों की जानकारी दी।
वैज्ञानिक श्री कार्तिकेय सिंह ने फसलों को कीट एवं रोगों से बचाने के उपाय बताए। वहीं वैज्ञानिक श्रीमती मोनिका जायसवाल ने कृषि से संबंधित नए उद्योग-धंधों एवं कृषि आधारित स्वरोजगार की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। वैज्ञानिक श्रीमती मेघा विभुती ने विद्यार्थियों को आम में ग्राफ्टिंग तथा नींबू में गूटी बांधने की तकनीक समझाई। वैज्ञानिक श्री राहुल सातारकर ने प्रक्षेत्र पर स्थापित विभिन्न इकाइयों का भ्रमण कराया तथा उन्नत बीजों के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों ने कृषि की आधुनिक तकनीकों को नजदीक से समझा और वैज्ञानिकों से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।



































