दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ शुभारंभ, विद्यार्थियों को नियमित योग अपनाने का दिया संदेश
बुरहानपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर में योग साधना एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, आचार्यों, अभिभावकों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता करते हुए योग के महत्व को आत्मसात किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार गोपाल देवकर रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। संचालन स्वाती शाहने दीदी ने किया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रमोद कुलकर्णी, प्रधानाचार्य देवेंद्र चवरे, संस्था के उपाध्यक्ष मुकेश शाह, सचिव काशीनाथ चौधरी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अनेक अतिथि उपस्थित रहे।
योग भारत की संस्कृति और जीवन पद्धति का अभिन्न अंग
कार्यक्रम में योग गुरु आचार्य सारंग ने विद्यार्थियों, आचार्यों एवं उपस्थित नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। योग से व्यक्ति में आत्मविश्वास, एकाग्रता और अनुशासन का विकास होता है।
वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान प्राप्त हुई है। आज विश्व के अनेक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है और करोड़ों लोग भारतीय योग परंपरा को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत से संस्था को मिलेगी नई पहचान
संस्था के उपाध्यक्ष मुकेश शाह ने अपने संबोधन में कहा कि समय की आवश्यकता और अभिभावकों तथा पूर्व विद्यार्थियों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष संस्था में पहली से सातवीं कक्षा तक अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं प्रारंभ की गई हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह कदम संस्था को क्षेत्र के अग्रणी शिक्षण संस्थानों की श्रेणी में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में लगभग 700 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं तथा आगामी वर्षों में विद्यार्थियों की संख्या 1000 तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संस्था का परीक्षा परिणाम लगातार उत्कृष्ट रहा है और विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। साथ ही विद्यालय परिसर में अधोसंरचना विकास एवं अन्य निर्माण कार्यों की भी योजनाएं तैयार की जा रही हैं, जिनका कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा।
संस्था के विकास के लिए मीडिया से सहयोग की अपेक्षा
मुकेश शाह ने मंचासीन अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, मुख्य अतिथि पत्रकार गोपाल देवकर एवं प्रेस क्लब अध्यक्ष बंटी शर्मा से आग्रह किया कि वे समय-समय पर समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से संस्था की गतिविधियों, उपलब्धियों और विकास कार्यों को समाज तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि विद्यालय निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर सके।
मां सरस्वती के इस मंदिर को भी मिलेगा मेरा पूरा सहयोग : गोपाल देवकर
मुख्य अतिथि गोपाल देवकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन को स्वस्थ, संतुलित और सफल बनाने का माध्यम है। प्रत्येक विद्यार्थी को नियमित रूप से योग और प्राणायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार वे अपनी लेखनी और पत्रकारिता के माध्यम से क्षेत्र के धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थानों को सहयोग प्रदान करते रहे हैं, उसी प्रकार सरस्वती शिशु मंदिर भी मां सरस्वती का एक पावन मंदिर है। इस संस्था के विकास, विस्तार और सकारात्मक गतिविधियों को समाज तक पहुंचाने के लिए वे अपनी लेखनी, कर्तव्यनिष्ठा और सामर्थ्य के अनुसार सदैव सहयोग करते रहेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कारों को भी जीवन में उतारने का आह्वान किया।
अनेक गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में जितेंद्र वर्मा, विनोद चौकसे, अमोल यादव, प्रेस क्लब अध्यक्ष बंटी शर्मा, प्राचार्य प्रमोद कुलकर्णी, प्रधानाचार्य देवेंद्र चवरे, उपाध्यक्ष मुकेश शाह, सचिव काशीनाथ चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ, संस्कारित एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन स्वाती शाहने दीदी ने किया।




































