बुरहानपुर रमाकांत मोरे। जिले की शाहपुर पुलिस ने एक अनोखी रणनीति अपनाकर अवैध गांजा खेती का भंडाफोड़ किया है। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम केले के व्यापारी बनकर खेत तक पहुंची और वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। खेत में केले की फसल के बीच छिपाकर गांजे के पौधे लगाए गए थे। पुलिस ने मौके से करीब 10 किलो 500 ग्राम वजन के पांच गांजा पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़सिंगी का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव निवासी संतोष लक्ष्मण पाटिल अपने खेत में केले की फसल के बीच अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और संदेह से बचने के लिए पुलिसकर्मी केले के व्यापारी बनकर खेत पर पहुंचे।

खेत में पहुंचकर जब पुलिस ने निरीक्षण किया तो केले के पौधों के बीच पांच गांजा पौधे लगे मिले। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गांजे के पौधों को जब्त कर लिया और आरोपी संतोष पाटिल को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जब्त गांजे का कुल वजन लगभग 10 किलो 500 ग्राम बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध खेती में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा गांजे की बिक्री कहां की जानी थी। शाहपुर पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है, क्योंकि पुलिस ने केले के व्यापारी बनकर पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।




































