जलगांव (महाराष्ट्र):( रमाकांत मोरे ) जलगांव जिले के जिलाधिकारी (कलेक्टर) मा. रोहन जी घुगे और पुलिस अधीक्षक (एसपी) मा. श्रीकांत धीवरे साहेब ने वढोदा (फैजपुर) स्थित ‘श्री निष्कलंक धाम’ एवं ‘तुलसी हेल्थ केयर सेंटर’ का सदिच्छा दौरा किया। इस विशेष भ्रमण के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने संस्थान की विभिन्न सामाजिक, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी गतिविधियों का जायजा लिया।
दौरे के दौरान अधिकारियों ने परिसर का अवलोकन किया और वहां मरीजों व आम नागरिकों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं सुविधाओं की सराहना की। जिलाधिकारी मा. रोहन घुगे जी ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और जनसेवा के लिए ऐसे प्रकल्पों का संचालन होना सराहनीय है।
वहीं, एसपी मा. श्रीकांत धीवरे साहेब ने संस्थान के अनुशासन, निस्वार्थ सेवा भाव और व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र में इस तरह के प्रयास समाज को एक नई दिशा और संबल प्रदान करते हैं।
संस्थान के प्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया और उन्हें आश्रम व केयर सेंटर के भावी प्रकल्पों के बारे में जानकारी दी। इस सदिच्छा मुलाकात के दौरान स्थानीय नागरिक, प्रशासनिक कर्मचारी एवं संस्थान के सेवाभावी सदस्य उपस्थित रहे।



































