धार। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल, मालवा प्रांत के तत्वावधान में रविवार को कार्यकर्ताओं एवं बहनों द्वारा धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला मां सरस्वती वाग्देवी मंदिर तक विशाल दर्शन यात्रा निकाली गई। यात्रा दोपहर 4 बजे किला मैदान से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों—घोड़ा चौपाटी, मोहन टॉकीज, आनंद राजवाड़ा होते हुए भोजशाला परिसर पहुंची। वहां मां सरस्वती वाग्देवी का पूजन-अर्चन, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं महाआरती संपन्न हुई।
अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के मालवा प्रांत संगठन महामंत्री संजय यादव ने बताया कि यात्रा में प्रांत अध्यक्ष महंत श्री ओमप्रकाश भारती, संत श्री विजय गिरी महाराज, श्री गुणानंदन जी महाराज, श्री अजय जी महाराज, प्रांत महामंत्री किशोर यादव, राष्ट्रीय बजरंग दल प्रांत अध्यक्ष अनिल सिंगार, कोषाध्यक्ष मुकेश पाटीदार, प्रांत उपाध्यक्ष संतोष परमार, प्रांत मंत्री देवेन्द्र अजाना सहित बड़ी संख्या में संत, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने “मां सरस्वती वाग्देवी की जय”, “राजा भोज की जय” तथा अन्य धार्मिक उद्घोष लगाए।
संगठन पदाधिकारियों ने भोजशाला आंदोलन के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2003 से संगठन द्वारा भोजशाला में हिंदू समाज के पूजा-अर्चना के अधिकार को लेकर लगातार आंदोलन किए गए। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दौरान अनेक कार्यकर्ताओं को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा तथा कई लोग घायल हुए। संगठन ने यह भी कहा कि वर्षों से मां सरस्वती वाग्देवी की प्रतिमा को लंदन से वापस लाने और भोजशाला को पूर्ण रूप से हिंदू समाज को सौंपने की मांग उठाई जाती रही है।
प्रांत महामंत्री किशोर यादव ने कहा कि संगठन द्वारा कार्यक्रम की सूचना पूर्व में लिखित रूप से प्रशासन को दी गई थी। उनके अनुसार प्रारंभ में प्रशासन द्वारा अनुमति को लेकर आपत्ति जताई गई, जिसके कारण पुलिस अधिकारियों और संगठन पदाधिकारियों के बीच समय को लेकर चर्चा हुई। बाद में प्रशासन की सहमति से शाम 4 बजे यात्रा प्रारंभ हुई और शांतिपूर्ण ढंग से भोजशाला पहुंची।
भोज उत्सव समिति के संयोजक गोपाल शर्मा ने सभी संतों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का भगवा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया तथा भोजशाला के इतिहास एवं आंदोलन की जानकारी दी। कार्यक्रम में खंडवा, इंदौर, रतलाम, मंदसौर, उज्जैन, झाबुआ, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा सहित विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस आयोजन को सफल बनाने में अशोक मुनिया, डॉ. समीर सिधार, रोहित प्रजापति, ईश्वर, विजय चौधरी, राजेश सिसोदिया सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा।
उक्त जानकारी राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला मंत्री राहुल बैरागी द्वारा दी गई।



































