बुरहानपुर | गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत बुरहानपुर जिले में सैकड़ों गौभक्तों ने तहसील कार्यालय (बहादरपुर रोड) तक शांतिपूर्ण एवं अनुशासित सांकेतिक रैली निकाली। रैली के समापन पर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम गोवंश संरक्षण, संवर्धन और सम्मान से जुड़ी संवैधानिक मांगें रखी गईं।
अभियान के जिला संरक्षक ठाकुर प्रियांक सिंह ने स्पष्ट किया कि यह पहल किसी राजनीतिक दल से जुड़ी नहीं है, बल्कि गोमाता एवं नंदी बाबा की प्रेरणा से राष्ट्रप्रेमी नागरिकों द्वारा स्वस्फूर्त रूप से चलाई जा रही है।
जिला संयोजक देवा मराठे, महेश चौहान और प्रीतम महाजन ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह निस्वार्थ, अहिंसक और राष्ट्रहित में है। वहीं जिला प्रभारी प्रकाश पालीवाल और सत्यनारायण लड्ढा ने कहा कि गोवंश भारतीय संस्कृति की धरोहर, ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है, इसलिए इसकी रक्षा करना हर नागरिक का कर्तव्य है।
दिनेश सुगंधी, आशीष शर्मा और गायत्री मोरे ने लोगों से अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान को मजबूत करने की अपील की। कार्यक्रम में राजेश बजाज, मुकेश डालमिया, हेमंत दलाल, दिनेश राठौर, नारायण चंदेल, सागर कोली सहित सैकड़ों गौभक्त, संत समाज के प्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें:
ज्ञापन में संविधान के अनुच्छेद 48 और 51A(g) का हवाला देते हुए निम्नलिखित मांगें रखी गईं—
गोवंश को “राष्ट्रमाता/राष्ट्र आराध्या” का संवैधानिक दर्जा देने और कानूनी व्यक्तित्व प्रदान करने की मांग
गोवंश तस्करी और वध को गैर-जमानती अपराध घोषित कर सख्त कानून लागू करने की मांग
केंद्रीय गोसेवा मंत्रालय की स्थापना और एक समान राष्ट्रीय कानून बनाने की मांग
हर जिले में गो-अभयारण्य और हर ग्राम पंचायत में नंदीशाला की स्थापना
गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर विकास बोर्ड का गठन
प्राकृतिक कृषि, पंचगव्य अनुसंधान और गो-उत्पादों को बढ़ावा
राष्ट्रीय राजमार्गों पर गो-एम्बुलेंस और ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था
स्कूली पाठ्यक्रम में गो-विज्ञान को शामिल करने की मांग
रैली के दौरान “गौ माता को राष्ट्र माता बनाओ” के नारे गूंजते रहे और गौभक्तों ने अपनी आस्था एवं राष्ट्रहित की भावना का प्रदर्शन किया।


























