औद्योगिकीकरण को मिलेगा बढ़ावा, रोजगार के नए अवसर होंगे सृजित
बुरहानपुर, 15 जुलाई 2026/- कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने बुधवार को नेपानगर अनुभाग के सातपायरी में एमएसएमई विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे नवीन औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति की जानकारी लेकर कार्यों को गुणवत्ता एवं समय-सीमा के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान उद्योग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 26.48 हेक्टेयर में विकसित किए जा रहे इस औद्योगिक क्षेत्र में कुल 135 औद्योगिक भूखंड उपलब्ध होंगे। परियोजना के पूर्ण होने से जिले में औद्योगिकीकरण को गति मिलेगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
परियोजना के अंतर्गत सड़क, नाली, विद्युत एवं जलापूर्ति सहित आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाओं के विकास के लिए शासन द्वारा 30.60 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रथम चरण के विकास कार्यों के लिए लगभग 16 करोड़ रुपये के टेंडर जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा चुका है जो कि प्रगति पर है। कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को परियोजना के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा, एसडीएम नेपानगर श्री सृजन श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



































