एडीजी व डीआईजी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के दिए गए निर्देश
(मध्यप्रदेश हेड रमाकांत मोरे)अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, उज्जैन जोन उज्जैन उमेश जोगा तथा पुलिस उप महानिरीक्षक, उज्जैन रेंज उज्जैन नवनीत भसीन द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उज्जैन रेंज के जिलों उज्जैन, देवास, शाजापुर एवं आगर मालवा की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की गई।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) एवं समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे। आगामी नववर्ष 2026 के अवसर पर शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निम्नलिखित निर्देश दिए गए
01. संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत एवं सघन पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यकता अनुसार फिक्स पिकेट/प्वाइंट लगाए जाएं।
02. सार्वजनिक स्थलों जैसे होटल, रेस्टोरेंट, रिसॉर्ट, ढाबा, बाजार, पार्क, मॉल एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस की प्रभावी तैनाती की जाए।
03. महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, मॉल एवं बाजार क्षेत्रों में एंटी-सैबोटाज चेकिंग कराई जाए।
04. यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाए तथा नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से सघन जांच की जाए।
05. नववर्ष की पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने एवं अन्य अवैधानिक कृत्यों में संलिप्त व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखते हुए साक्ष्य अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
06. पिकनिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। नदी, डैम एवं जलाशयों के समीप स्थित पिकनिक स्थलों पर मोटर बोट, गोताखोर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
07. छात्रावासों में जाकर संबंधित स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं को नववर्ष के अवसर पर सुरक्षा, अनुशासन एवं कानून पालन के संबंध में आवश्यक समझाइश एवं मार्गदर्शन दिया जाए।
08. शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हो सके और किसी परिवार को शोकग्रस्त न होना पड़े।
09. किसी भी प्रकार के हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा एवं उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
10. तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
11. नववर्ष के आयोजनों के दौरान ध्वनि प्रदूषण न हो, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा ध्वनि प्रदूषण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी जिलों में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उच्च सतर्कता, संवेदनशीलता एवं अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि नववर्ष का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।






























