बुरहानपुर। खंडवा लोकसभा क्षेत्र के सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से नई दिल्ली में मुलाकात कर विभिन्न लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। बताया गया कि एक सप्ताह के भीतर यह उनकी दूसरी मुलाकात है, जिसमें उन्होंने बुरहानपुर, खंडवा और नेपानगर क्षेत्र के यात्रियों की समस्याओं को विस्तार से रखा।
डीआरयूसीसी सदस्य पंकज नाटानी के अनुसार, सांसद पाटील ने रेल मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12533/34 लखनऊ–मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस तथा 07053/54 बीकानेर–काचीगुड़ा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों के स्टॉपेज से क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।
इसके अलावा नेपानगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 17605/06 काचीगुड़ा–भगत की कोठी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। साथ ही कोरोना काल में बंद की गई ट्रेनों को पुनः पूर्ववत शुरू करने का अनुरोध भी किया गया।
रेल मंत्री ने सांसद को इन मांगों पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिया है। सांसद पाटील की लगातार सक्रियता के चलते अब क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही इन प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है, जिससे बुरहानपुर, खंडवा और नेपानगर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इस दौरान मध्य रेल समिति के सदस्य मनोज सोनी और नरेंद्र पाटील भी उपस्थित रहे।






























