रतलाम, 20 जनवरी। (मध्यप्रदेश हेड रमाकांत मोरे ) थाना नामली पुलिस ने नकबजनी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया मश्रुका बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। 16 जनवरी 2025 को फरियादी सत्यनारायण सांखला निवासी स्टेशन रोड नामली ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात आरोपी ने उनके गोदाम में सुरंग बनाकर पुराने पानी की मोटरें और अन्य सामग्री चोरी कर ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अपराध क्रमांक 13/2025 धारा 331(4), 305 (ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा व अनुविभागीय अधिकारी किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान और उनकी टीम ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही संदीप मकवाना (26), निवासी सब्जी मंडी, नामली को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। संदेही ने गोदाम में सुरंग बनाकर पुरानी पानी की मोटर पंप, इन्वेंटर और अन्य सामग्री चोरी करने की बात कबूल की। आरोपी के कब्जे से चोरी गया सामान और अन्य दो चोरी की मोटर साइकिलें बरामद की गईं।पुलिस ने आरोपी का पीआर प्राप्त कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है, जिससे अन्य मामलों में भी खुलासा होने की उम्मीद है।
इस सराहनीय कार्यवाही में निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, उप निरीक्षक सचिन डावर और अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से नकबजनी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ।




































