खकनार पीपरी बोरवन – आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) की ओर से आज ग्राम पीपरी में ग्राम सभा जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय के सभी महिला एवं पुरुष सदस्यों को आगामी ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने के लिए जागरूक करना तथा ग्रामीणों को अपने गांव की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को ग्राम सभा के समक्ष रखने के लिए प्रेरित करना है ।
रैली के माध्यम से ग्रामीणों को ग्राम सभा के महत्व एवं उनकी सहभागिता के बारे में जागरूक किया गया। ग्रामीणों से अपील की गई कि आगामी ग्राम सभा में महिला एवं पुरुष दोनों सक्रिय रूप से भाग लें और गांव में पेयजल, सड़क, स्वच्छता, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि सहित अन्य प्रमुख समस्याओं एवं आवश्यकताओं को ग्राम सभा में रखें।
रैली के दौरान महिलाओं की ग्राम सभा में सक्रिय एवं अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। महिलाओं को अपने गांव एवं परिवार से जुड़े मुद्दों को ग्राम सभा में खुलकर रखने तथा ग्राम विकास से संबंधित निर्णयों में अपनी सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूकता रैली में ग्राम पंचायत के सरपंच जयराम मार्को, उपसरपंच एवं पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों से आगामी ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गांव के विकास एवं समस्याओं के समाधान में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम में आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) की ओर से उमेश चौहान, कालू गोलकर, मीना मार्को,दीपा उपस्थित रहे। संस्था के प्रतिनिधियों द्वारा ग्रामीणों को ग्राम सभा में सहभागिता, सामुदायिक भागीदारी एवं महिलाओं की सक्रिय भूमिका के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई।
रैली के माध्यम से ग्रामीणों में यह संदेश दिया गया कि “सशक्त ग्राम सभा, सशक्त गांव” के लिए प्रत्येक महिला एवं पुरुष की भागीदारी आवश्यक है।



































