दरियापुर रैयत में किसान चौपाल आयोजित, अधिकारियों को पारदर्शी सर्वे और शीघ्र मुआवजे के निर्देश
बुरहानपुर (रमाकांत मोरे) आंधी-तूफान और बारिश से प्रभावित केले की फसल का जायजा लेने बुधवार को सांसद ज्ञानेश्वर पाटील एवं नेपानगर विधायक मंजू दादू प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रभावित गांवों के दौरे पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने किसानों से संवाद कर उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है तथा नुकसान का सर्वे शीघ्र पूरा कराकर उचित राहत दिलाई जाएगी।

सांसद एवं विधायक ने खामनी, नीमगांव, फोपनार, बड़सिंगी, बड़झिरी, टेम्भी, कानापुर, नांदुरा, दरियापुर, मांजरोद और तुकईथड़ सहित विभिन्न गांवों में खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि फसल नुकसान का सर्वे पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से किया जाए तथा किसी भी पात्र किसान को राहत से वंचित न रखा जाए।
उल्लेखनीय है कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने मंगलवार को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर जिले में खराब मौसम से प्रभावित केले की फसल की स्थिति से अवगत कराया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने किसानों के नाम वीडियो संदेश जारी कर आश्वासन दिया कि प्रभावित किसानों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
दौरे के दौरान दरियापुर रैयत में किसान चौपाल का आयोजन भी किया गया। यहां किसानों ने अपनी समस्याएं और नुकसान की जानकारी जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखी। सांसद और विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किसानों के साथ खेतों तक पहुंचकर वास्तविक नुकसान का आंकलन करें तथा सर्वे सूची पंचायत स्तर पर सार्वजनिक रूप से चस्पा की जाए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष पिंटू जाधव, भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

































