ताप्ती सेवा समिति ने नितेश कडू कुशवाह का किया सम्मान
बुरहानपुर (रमाकांत मोरे) ताप्ती सेवा समिति बुरहानपुर द्वारा प्रतिवर्ष गणेश उत्सव के दौरान मां ताप्ती की स्वच्छता एवं संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष समिति द्वारा शहरवासियों से आव्हान किया जा रहा है कि गणेश प्रतिमाओं का मां ताप्ती में विसर्जन न करते हुए उन्हें ताप्ती सेवा समिति को सौंपें।
समिति द्वारा एकत्रित की जाने वाली गणेश प्रतिमाओं को कुशवाहा आर्ट के संचालक नितेश कडू कुशवाह द्वारा ग्रहण किया जाएगा। इन प्रतिमाओं का उचित तरीके से पुनः उपयोग करते हुए अगले वर्ष उन्हें नए स्वरूप में तैयार किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य मां ताप्ती को POP (प्लास्टर ऑफ पेरिस) एवं हानिकारक रंगों से होने वाले प्रदूषण से बचाना तथा नदी में रहने वाले जलीय जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
गणेश प्रतिमाओं के पुनः उपयोग की यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक और अनुकरणीय कदम है। इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए ताप्ती सेवा समिति बुरहानपुर द्वारा आज कुशवाहा आर्ट के संचालक नितेश कडू कुशवाह का सम्मान किया गया।
समिति ने कहा कि समाज, मूर्तिकारों और नागरिकों के सहयोग से ही “गणेश उत्सव भी श्रद्धा से और मां ताप्ती भी स्वच्छ” का संकल्प साकार किया जा सकता है। समिति के अध्यक्ष श्रीमती सरिता भगत ,संरक्षक राजीव खेड़कर अत्ताउल्लाह खान विनय पुनिवाला वाला देवचंद शर्मा राजकुमार बचवानी विवेक हकीम राजीक, हुसैन अंसारी , राजेश भगत आदि लोग मौजूद थे ।



































