जिम्मेदारियों एवं तकनीकी कार्यों की दी गई जानकारी
रमाकांत मोरे । बुरहानपुर जिले के देड़तलाई। में आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) के अंतर्गत आज पंप ऑपरेटरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कुल 28 पंप ऑपरेटरों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पंप ऑपरेटरों को उनके कार्य, जिम्मेदारियों, तकनीकी जानकारी तथा ग्रामीण स्तर पर लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के संबंध में जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में PHE विभाग की ओर से ब्लॉक कोऑर्डिनेटर निलेश बोरड़े एवं तकनीशियन मनोज डोंगरेउपस्थित रहे। निलेश बोरड़े ने पंप ऑपरेटरों को उनकी जिम्मेदारियों, कार्यप्रणाली एवं पंप संचालन के दौरान आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं तकनीशियन मनोज डोंगरे ने पंप तकनीशियन से संबंधित तकनीकी जानकारी एवं पंप के रखरखाव के बारे में प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत अमुल्ला खुर्द के सरपंच शिवराम धेंडे भी उपस्थित रहे। उन्होंने पंप ऑपरेटरों को गांव में कार्य करते समय ग्रामीणों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनने तथा समस्याओं के समाधान के लिए उचित स्तर पर जानकारी पहुंचाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि पंप ऑपरेटर गांव में पेयजल व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उन्हें अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाना चाहिए।
इस अवसर पर आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) के संकुल प्रबंधक संजीव तिवारी, DO कालू गोलकर सुपरवाइजर रामविलास भिलावेकर एवं अश्विन भी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान पंप ऑपरेटरों ने पंप संचालन, रखरखाव, तकनीकी कार्यों तथा ग्रामीणों के साथ समन्वय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ पंप ऑपरेटरों की कार्यक्षमता एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।



































