शाहपुर पुलिस ने पकड़कर वन विभाग के सुपुर्द किया, आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा
– खंडवा जिले के रहने वाले हैं आरोपी, देर रात पुलिस की नजर पड़ी
बुरहानपुर (रमाकांत मोरे) वन परिक्षेत्र शाहपुर के तहत 13 मार्च की रात पुलिस थाना शाहपुर की सूचना, वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में वन्यप्राणी जंगली सुअर का मांस ले जाते हुए दो आरोपियों को पकडा गया। आरोपियों से जंगली सुअर का 8 किलो मांस जब्त किया गया।
दरअसल रात में गश्त के दौरान शाहपुर पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी जंगली सुअर का शिकार करने के लिए क्षेत्र में घूम रहे थे तब पुलिस टीम ने उन्हें पकड़कर वन विभाग के सुपुर्द किया। पूछताछ में स्वीकारा खंडवा से पकड़ने आए थे जंगली सुअर
बुरहानपुर एसडीओ अजय सागर ने बताया आरोपियों की पहचान बादलसिंग पिता कमालसिंग 35 निवासी ग्राम भीलखेडी पोस्ट कुमठा तहसील जिला खण्डवा, मेहदुरसिंग पिता बहादुरसिंग 38 ग्राम भीलखेडी पोस्ट कुमठा तहसील जिला खण्डवा मप्र के रूप में की गई। आरोपियों से 01 बड़ा चाकू, 02 दराती, 01 जाल और दो पहिया वाहन जब्त किया गया। आरोपियों द्वारा स्वीकार किया गया कि उनके द्वारा बंभाड़ा गांव के नजदीक राजस्व क्षेत्र में खेत की मेढ के पास जाल लगाकर जंगली सुअर को मारा गया तथा धारदार हथियार से काटकर टुकड़े कर बेचने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया गया है। आरोपियों के विरूद्ध वन्यप्राणी के संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत केस दर्ज किया गया।
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा
वन विभाग पहले आरोपियों को घटना स्थल पर ले गई वहां उनसे पूछताछ की गई कि वह किस तरह जंगली सुअर का शिकार कर रहे थे। इसके बाद आरोपियों को शनिवार दोपहर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। कार्रवाई के दौरान वन परिक्षेत्राधिकारी शाहपुर श्यामलता मेरावी, परिक्षेत्र सहायक मोहद अरूण सातव, बीटगार्ड उत्तर बंभाडा ब्रजलाल निम्भोरकर, अजय दामडे़, वनरक्षक अभिषेक शर्मा, सुनिल तायडे़ सुरक्षा श्रमिक उपस्थित रहे।
और इधर…..।
पश्चिम बंगाल के मजदूर पर अज्ञात वन्यप्राणी ने किया हमला
वहीं एक अन्य मामले में नेशनल हाईवे पर काम कर रहे एक मजदूर पर अज्ञात वन्यप्राणी ने हमला कर कर दिया। मजदूर पश्चिम बंगाल का रहने वाला बताया जा रहा है। घायल मजदूर ने तेंदुए द्वारा हमला किया जाना बताया। बुरहानपुर एसडीओ अजय सागर ने बताया अज्ञात वन्यप्राणी ने मजदूर पर हमला किया। मजदूर उसे तेंदुआ बता रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है कि तेंदुए ने ही हमला किया है। मजदूर को पैर में मामूली खरोंच लगी है। उसका प्राथमिक उपचार करवा दिया गया था। मामले की जांच की जा रही है।




































